ललितपुर। अनधिकृत और अमान्य विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यूपी बोर्ड के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 39 राजकीय विद्यालय संचालित हैं। जिसमें 31 राजकीय हाईस्कूल और 8 राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं। जिले में कई अमान्य विद्यालय और नियम विरुद्ध संचालित होने वाले कोचिंग सेंटर हैं। हालांकि माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से ऐसे विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। बावजूद इसके ऐसे विद्यालय और कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। अब यूपी बोर्ड ने ऐसे अनधिकृत विद्यालयों और नियम विरुद्ध संचालित निजी कोचिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद जनपद में माध्यमिक शिक्षा विभाग इनके ऊपर अंकुश लगाने की तैयारी में जुट गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अनधिकृत रूप से संचालित हो रहे विद्यालयों, कोचिंग सेंटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रस्तावित समिति जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करेगी। अमान्य विद्यालयों को चिह्नित करेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
यूपी बोर्ड के निर्देश पर जिले में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। जो भी विद्यालय या कोचिंग नियम विरुद्ध संचालित होते मिलेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।-ओमप्रकाश सिंह, डीआईओएस