कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम आयोजित, किसानों को दिखाया गया प्रधानमंत्री का लाइव स्ट्रीम
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद के 1.74 लाख किसानों के खातों में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त भेजी गई। इसके तहत किसानों के खातों में कुल 34.80 करोड़ रुपये की राशि डाली गई।
कृषि विज्ञान केंद्र खिरिया मिश्र में किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के भुगतान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लाइव स्ट्रीम दिखाया गया। जिले में कुल 2.60 लाख किसान कृषि विभाग में पंजीकृत हैं। पिछली 21वीं किस्त में 1,73,888 किसानों को राशि जारी की गई थी।
उपकृषि निदेशक यशराज सिंह ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष से सम्मान निधि उन्हीं किसानों को मिलेगी, जिन्होंने ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री कराई है। ई-फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसानों की निधि रोकी जाएगी। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मुकेश चंद्र और डॉ. दिनेश तिवारी ने किसानों को प्राकृतिक खेती की जानकारी दी। वहीं, उपकृषि निदेशक यशराज सिंह और जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं और तकनीकी अपनाने की सलाह दी, ताकि किसान आय दोगुनी कर सकें। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. सरस तिवारी, रिशु उपाध्याय, बृजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।