ललितपुर। जिले में एक से 31 मार्च तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान में संभावित टीबी रोगियों के साथ-साथ कुपोषित बच्चों को खोजा जाएगा। मच्छर जनित रोगों से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से फ्रंट लाइन वर्कर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में एएनएम, आशा बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की कुल 930 टीमें जनपद में घर-घर भ्रमण कर संभावित मरीजों की खोजबीन करेंगी। टीमें लोगों को मच्छरों से होने वाले रोगों के विषय में जानकारी देने के साथ ही उनसे बचाव के तरीके बताएंगी। जन्म-मृत्यु पंजीकरण से छूटे हुए लोगों की सूची तैयार की जाएगी। 10 से 24 मार्च तक दस्तक अभियान चलेगा। इस अभियान में खासतौर पर टीबी रोगियों को चिह्नित किया जाएगा। कुपोषण को लेकर शुरू हुई मुहिम को सफल बनाने के उद्देश्य से कुपोषित बच्चों को अभियान में खोजकर चिह्नित किया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जिला पंचायत राज विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, पशुपालन, कृषि, सिंचाई एवं उद्यान विभाग के साथ सूचना विभाग मिलकर काम करेंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इसके लिए फ्रंट लाइन वर्कर्स की टीमें बनाई गई हैं। ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षण भी शुरू कर दिए गए हैं।