- पिछले साल साढ़े चार लाख था आधार मूल्य, डेढ़ महीने से ज्यादा समय से बंद है पार्किंग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने बहुमंजिला कार पार्किंग का टेंडर निकाल दिया है। पिछले बार की तुलना में इस बार किराये में ढाई लाख रुपये की कटौती की गई है। ऐसे में दो लाख रुपये आधार मूल्य पर फर्में निविदा डालेंगी। 5 साल के लिए संचालन का ठेका दिया जाएगा।
25 करोड़ की लागत से नगर निगम के बगल में शहर की पहली बहुमंजिला कार पार्किंग बनी है। इस साल फरवरी में लखनऊ की फर्म ने साढ़े छह लाख रुपये की दर से पार्किंग संचालन का टेंडर ले लिया था मगर पार्किंग को लेकर नगरवासियों का बहुत अधिक रुझान न होने से फर्म को घाटा होने लगा था। किराया तक का पैसा नहीं निकलने से फर्म ने जून में टेंडर सरेंडर कर दिया था। अनुबंध निरस्त करने के बाद पिछले करीब डेढ़ महीने से पार्किंग बंद है। पिछले महीने स्मार्ट सिटी की ओर से निविदा निकाली गई थी। इसमें किसी भी फर्म ने हिस्सा नहीं लिया था। ऐसे में इस बार स्मार्ट सिटी ने किराया में ढाई लाख रुपये कटौती करते हुए दो लाख रुपये आधार मूल्य पर निविदा निकाली है। स्मार्ट सिटी के सीईओ सत्य प्रकाश ने बताया कि निविदा लेने वाले फर्म को पांच साल के लिए संचालन का जिम्मा मिलेगा।