ललितपुर। रबी की फसल की बुवाई के लिए खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। खाद की कमी को पूरा करने के लिए कृषि विभाग ने झांसी से दस हजार टन खाद ली है। जिसका शुक्रवार से वितरण शुरू हो जाएगा।
जिले में बीते चार दिनों से खाद की किल्लत है। निजी दुकानों समेत साधन सहकारी समिति पर भी खाद की कमी हो गई है। अब पलेवा कर चुके किसानों को खाद न मिलने से खेत सूखने की चिंता सता रही है। इसको लेकर किसान खाद के लिए बाजारों में भटक रहे हैं। साथ ही कुछ किसान साधन सहकारी समितियों के चक्कर काट रहे हैं।
लेकिन खाद नहीं मिल पा रही है। वहीं कमी को देखते हुए दुकानदार अधिक दामों में खाद की बिक्री कर रहे हैं। किसानों की समस्या को लेकर अमर उजाला ने 17 नवंबर को पेज नंबर दो पर ‘‘संकट: किसानों को नहीं मिल रही खाद, केेंद्रों से लौट रहे खाली हाथ’’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसके बाद कृषि विभाग ने तेजी से काम शुरू कर दिया। खाद के संकट को कम करने के लिए झांसी से दस हजार टन खाद की डिमांड की गई है। जो शुक्रवार को जिले में आएगी। इसके बाद अधिकतर खाद तालबेहट क्षेत्र में वितरित होगी। जबकि शेष खाद का वितरण जिला मुख्यालय स्थित दुुकानों से कराया जाएगा।
जिले में अधिकांश किसान खाद ले चुके हैं। कुछ किसान रह गए हैं। इसके लिए खाद की जल्द ही एक रैक आ रही है। इसके अलावा दस हजार टन खाद झांसी से मंगाई है। जिसे वितरण कराया जाएगा।
- राजीव कुमार भारती, जिला कृषि अधिकारी