ललितपुर। थाना तालबेहट अंतर्गत ग्राम गणेशपुरा निवासी एक चौदह वर्षीय किशोरी ग्यारह दिन पहले घर से लापता हो गई थी।
थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम गणेशपुरा निवासिनी सुमन पत्नी रामजीवन ने बीते पांच दिसंबर को कोतवाली तालबेहट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी चौदह वर्षीय पुत्री मानसिक रूप से कमजोर है और एक दिसंबर की रात को अचानक घर से लापता हो गई है। सुबह जब वह जागी तो उसकी पुत्री घर पर नहीं थी। मां की तहरीर के आधार पर तालबेहट कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका था। जानकारी के अनुसार अब उक्त किशोरी को अब कानपुर में बरामद कर लिया गया है। जानकारी मिलने पर किशोरी केे पिता रामजीलाल व अन्य परिजन उसे लेने के लिए कानपुर रवाना हो गए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि नेहा मानसिक रूप से कमजोर है और एक दिसंबर को घर से लापता हो गई थी। अब उसके कानपुर में मिलने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि नेहा पूर्व में भी एक बार घर से लापता हो गई थी, जो इटारसी में मिली थी। अब नेहा के मिलने पर परिजनों व गांव वालों में खुशी की लहर है।