सौजना (ललितपुर)। महरौनी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सड़कोरा में तीन साल बाद भी निर्माणाधीन सुलभ शौचालय का काम पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों के मुताबिक यहां अभी न तो प्लास्टर किया गया है और न ही फर्श बनाया गया है। इसके साथ ही टैंक भी तैयार नहीं हो सका। हैरत की बात तो यह है कि टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे खुले पड़े हैं। जिससे कभी कोई हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए डीएम से स्थलीय निरीक्षण कराकर ठेकेदार से जल्द पूरा कार्य कराने की मांग की है।
डीएम को भेजे शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि तीन साल में सुलभ शौचालय का 50 फीसदी काम भी पूरा नहीं हो सका है। मानक के अनुसार शौचालय का निर्माण नहीं करने की शिकायत लिखित व मौखिक रूप से कई बार उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। यही वजह है कि ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में सुलभ शौचालय को पूर्ण कराने व लापरवाही करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। शिकायती पत्र पर शिवेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, नवल सिंह, संजू राजा के हस्ताक्षर हैं।
भ्रष्टाचार के कारण शौचालय आज भी अधूरा है। शिकायत के बाद भी किसी अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई करने की मांग नहीं की। - देवेंद्र सिंह
भ्रष्टाचार के चलते शौचालय अधूरा पड़ा है। जिससे ग्रामीण को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा। डीएम को इसकी जांच कराकर लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। - नवल सिंह सड़कोरा
तीन साल से शौचालय अधूरा पड़ा है कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाबजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - जंडेल सिंह
सार्वजनिक शौचालय के अधूरे निर्माण की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके। - शिवेंद्र सिंह
अधूरे सुलभ शौचालय की जानकारी मिलने पर तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी कमलेश कुमार रिछारिया के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला पंचायती राज अधिकारी को पत्र भेजा है।- अर्जित प्रकाश, खंड विकास अधिकारी महरौनी।