ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मालगोदाम के आगे डाउन रेलवे लाइन पर रविवार की रात को ट्रेन से कटकर एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने शव की शिनाख्त कर हत्या का आरोप लगाया है।
सिविल लाइन चौकी के अंतर्गत मोहल्ला गांधीनगर शिशु मंदिर के पास निवासी आर्यन उर्फ अभय रिछारिया (17) घर में ही पिता की किराने की दुकान संभालता था। रविवार को सुबह वह घर से दुकान का सामान लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक भी जब वह नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई, उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी है। करीब आठ बजे मालगोदाम के आगे जीरोन की ओर डाउन रेलवे ट्रैक पर एक किशोर का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। सिविल लाइन चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया और शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। सोमवार को सुबह जब परिजन कोतवाली में पुत्र की गुमशुदगी लिखाने गए तो पुलिस ने शव मिलने की बात कही। परिजनों ने शव की पहचान आर्यन रिछारिया के रूप में की। मृतक के पिता भगवत नारायण ने बताया कि उसका एक ही पुत्र था। उन्होंने एक महिला और कुछ लोगों पर लेनदेन की वजह से पुत्र को परेशान करने का आरोप लगाया और पुत्र की मौत को संदिग्ध बताते हुए कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।