- जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण कर नागरिक उड्डयन विभाग को कर दी सुपुर्द
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में प्रस्तावित हवाई अड्डा निर्माण कार्य के लिए नागरिक उड्डयन विभाग की तकनीकी टीम 15 अक्तूबर को हवाई पट्टी का निरीक्षण करेगी। इसके पूर्व सर्वे में उन्हें कुछ कमियां मिली थीं, जिला प्रशासन ने उन्हें दूर करते हुए अपनी रिपोर्ट नागरिक उड्डयन विभाग को भेज दी थी। इसके बाद अब टीम एक बार फिर हवाई पट्टी का निरीक्षण करेगी।
जिलाधिकारी अमनदीप डुली ने बताया कि जिले में वर्ष 2021 में हवाई अड्डा बनाने की घोषणा की गई थी, जिला प्रशासन ने जिले में पूर्व में निर्मित हवाई पट्टी और उससे सटे गांव सेवनी की 390 एकड़ भूमि चिह्नित की थी। इसमें निजी लोगों की भूमि व मकान शामिल थे। साथ ही इसमें 78 एकड़ रक्षा भूमि को शामिल किया था। रक्षा मंत्रालय की ओर से जमीन के बदले जमीन और मुआवजे की मांग की गई। जिला प्रशासन ने निजी भूमि को आपसी सहमति से क्रय कर व अन्य भूमि का अधिग्रहण करते हुए नागरिक उड्डयन विभाग को भूमि सौंप दी थी। इसके बाद नागरिक उड्डयन विभाग की टीम ने यहां का निरीक्षण किया था। जो कार्य यहां पर कराए जाने थे, वह पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन को कहा गया। जिला प्रशासन ने उनके मानक अनुसार कार्य कराते हुए रिपोर्ट भेज दी। अब एक बार फिर नागरिक उड्डयन विभाग की तकनीकी टीम जिले में दौरा करेगी। यहां की भूमि का पूरा जायजा लेते हुए ले-आउट तैयार करेगी। इसके बाद यहां पर हवाई अड्डा का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।