ललितपुर। गर्भवती महिलाओं का ब्योरा आनलाइन दर्ज करने के बाद उनको दी जाने वाली सुविधाएं भी हाईटेक करने की तैयारी है। इसमें गर्भवती महिलाओं को आवश्यक जांचों और टीकाकरण की जानकारियां मोबाइल पर एसएमएस के जरिए दी जाएंगी।
मोबाइल पर एसएमएस से यह सेवाएं शुरू होते ही गर्भवती महिला को पता चल जाएगा कि प्रसव के पूर्व उनकी कौन- कौन से जांचें होनी हैं और कब टीकाकरण होना है। इसी तरह, प्रसव के बाद नवजात शिशुओं के संपूर्ण टीकाकरण के बारे में न सिर्फ जानकारी दी जाएगी, बल्कि टीकाकरण की तारीख और स्थान के बारे में भी जानकारियां दी जाएंगी। यह सभी सेवाएं स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य विभाग में संचालित एमसीटीएस (मदर एण्ड चाइल्ड ट्रेकिंग सिस्टम) कार्यक्रम के अंतर्गत दी जाएंगी।
वर्तमान समय में मदर एण्ड चाइल्ड ट्रेकिंग सिस्टम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य कुंडली तैयार की जा रही है, इसमें जच्चा व बच्चा से संबंधित आवश्यक ब्योरा जुटाया जाता है, फिर इसे ऑनलाइन किया जाएगा। इसके आधार पर जच्चा व बच्चा के लिए आवश्यक संसाधन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की योजना बनाई जाएगी। मदर एण्ड चाइल्ड ट्रेकिंग सिस्टम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के ऑन लाइन पंजीकरण के साथ ही जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएम के सभी अधिकारियों के अलावा प्रदेश स्तर के अफसरों को प्रतिदिन सुबह एक एसएमएस भेजा जाएगा, इसमें जनपद में गर्भवती महिलाओं की संख्या, नवजात शिशुओं की संख्या, संस्थागत प्रसव के लिए स्वास्थ्य इकाइयों में भर्ती गर्भवती महिलाओं की संख्या आदि की अद्यतन जानकारी रहेगी।
इनका कहना है -
वर्तमान में 28 फीसदी गर्भवती महिलाओं का ब्योरा जुटाया जा चुका है। एएनएम और ब्लॉक डाटा प्रभारी प्रतिदिन की स्थिति अपलोड करने में लगे हैं, सभी गर्भवती महिलाओं का ब्योरा अपलोड किए जाने के बाद एमसीटीएस के प्रावधानों के मुताबिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
- डा. सत्येंद्र कुमार
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ललितपुर।