ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद शाखा शिक्षकों के चयन वेतन निर्धारण न होने से आंदोलन करेगी। इसके लिए आज मंगलवार को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया ने बताया कि पूर्व में शिक्षकों की पत्रावलियां वित्त एवं लेखा अधिकारी (बेसिक शिक्षा) कार्यालय को सौंपी गई थीं। परंतु कुछ ब्लॉकों को छोड़कर अधिकांश शिक्षकों का चयन वेतनमान का वेतन निर्धारण अभी तक नहीं हुआ है। इस स्थिति से शिक्षकों में भारी आक्रोश है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्तूबर को वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाना था। अब संगठन ने कार्यक्रम में आंशिक परिवर्तन किया है।
आंदोलन की रूपरेखा
संशोधित कार्यक्रम के तहत 27 अक्तूबर की दोपहर 3:30 से 4:30 बजे तक वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय पर सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इस धरना प्रदर्शन के बाद शिक्षक अपने घर चले जाएंगे। हालांकि, संगठन के पदाधिकारी तब तक कार्यालय के सामने बैठे रहेंगे। वे तब तक नहीं हटेंगे जब तक चयन वेतनमान का निर्धारण नहीं हो जाता। जिला मंत्री अरुण गोस्वामी ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) झांसी मंडल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सूचनार्थ पत्र भेजा गया है।