शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन करते लिपिक
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्कूल/ कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन शुरू हो गया है। बीस जुलाई तक प्रतिदिन शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। पहले दिन कार्यालय में शिक्षकों की भीड़ लगी रही। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद प्रदेश के सभी जिलों में शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे और दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक का समय कार्यालय में अभिलेखों के सत्यापन के लिए रखा है। बीस जुलाई तक यह सिलसिला चलेगा। उन्होंने शिक्षकों से अपने मूल अभिलेखों के साथ उनकी छायाप्रति स्वप्रमाणित एवं प्रधानाचार्य से सत्यापित कराकर दो सेट में फाइल कवर में टैग कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ललितपुर, महरौनी, तालबेहट के शिक्षकों को बुलाया गया। इस दौरान कार्यालय में शिक्षकों की बड़ी संख्या में भीड़ रही।