जिला उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में साइबर क्राइम ब्रांच के प्रभारी ने किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। साइबर क्राइम ब्रांच के प्रभारी महेंद्र सिंह ने व्यापारियों को साइबर क्राइम से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए व्यापारी व आम आदमी को सतर्क रहना होगा। वह जिला उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में बोल रहे थे।
स्टेशन रोड चौधरी मार्केट में आयोजित बैठक में साइबर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने कहा कि व्यापारी और आमजन को लालच में नहीं आना चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साइबर क्राइम अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि आजकल अपराधी एआई टेक्नोलॉजी से फोटो एवं आवाज बदल ले रहे हैं। यदि टेक्नोलॉजी द्वारा किसी व्यक्ति की फोटो, आवाज बदल दी जाए तो गोल्डन टाइम में तुरंत साइबर क्राइम विभाग में जाकर सूचना दें, जिससे बच सकें।
उन्होंने बताया प्रदेश में हर जिले में साइबर सेल थाने बन चुके हैं। किसी व्यक्ति के खाते में गलती से रुपये जमा हो जाते हैं तो एनपीसीआई पोर्टल पर तुरंत शिकायत करनी चाहिए। अपने-अपने मोबाइल पर संचार साथी एप डाउनलोड करें। 12 साल से छोटे बच्चों के मोबाइल पर अश्लील फोटो नहीं डालना चाहिए, ना ही देखना चाहिए यह एक संगीन अपराध की श्रेणी में आता है। इस दौरान एसआई अतुल कुमार एवं एसआई गौतम पुनिया ने भी साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश बडेरा व संचालन जिला महामंत्री शैलेंद्र सिंघई व नगर महामंत्री समित समैया ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित मनीष सडै़या, जिला वरिष्ठ महामंत्री प्रदीप सतरवांस, गल्ला मंडी अध्यक्ष प्रदेश उपाध्यक्ष जयकुमार महोली, प्रदेश उपाध्यक्ष उद्योग मंच कमलेश सराफ, प्रदेश संगठन मंत्री राहुल गुप्ता , प्रदेश युवा मंत्री अजय सोनी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू सिंधी, विजय जैन,प्रदीप खजुरिया, नगर महामंत्री समित समैया आदि मौजूद रहे।