महरौनी। बानपुर-महरौनी मार्ग पर पुतली घाट पुल पर पानी होने के कारण बानपुर के हाट में सब्जी बेचकर टीकमगढ़ से होते हुए महरौनी घर लौट रहे टैक्सी में सवार दो की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। जबकि उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका टीकमगढ़ में इलाज चल रहा है।
थाना महरौनी अंतर्गत बानपुर रोड निवासी प्रिंस (16) पुत्र वंशी कुशवाहा, आकाश (13) पुत्र संजू कुुुशवाहा, करन पुत्र वंशी कुशवाहा एवं अमित पुत्र कमलेश कुशवाहा बुधवार को बानपुर में हाट का बाजार लगने के कारण सब्जी बेचने के लिए गए थे। बानपुर-महरौनी रोड पर पुल के ऊपर पानी होने के कारण वह मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ होते हुए बानपुर गए थे। सब्जी बेचने के बाद टैक्सी से टीकमगढ़ होते हुए ही वापस महरौनी लौट रहे थे। बुधवार की रात को करीब साढ़े नौ बजे महरौनी लौटने के दौरान उनकी टैक्सी के सामने एक ट्रक आया, इसी दौरान एक गाय भी सामने आ गई। इससे टैक्सी का संतुलन बिगड़ गया और टैक्सी व ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैक्सी में सवार प्रिंस कुुशवाहा व आकाश कुुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रिंस का भाई करन एवं उसके साथ में बैठा अमित कुशवाहा गंभीर घायल हो गए। दोनों घायलों को टीकमगढ़ अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों का टीकमगढ़ पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।