संवाद न्यूज एजेंसी
ललितुपर। नगर पालिका परिषद के वार्ड 14 में मोहल्ला रावतयाना द्वितीय बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। यहां सड़क और नाली की समस्या दूर नहीं हो सकी है। पुराना सागर रोड से हाईवे को जोड़ने वाले नहर का कच्चा मार्ग बारिश से दलदल में तब्दील हो गया है। स्कूली बच्चे व दो पहिया वाहन चालक फिसल कर गिर रहे हैं। सभासद के घर के सामने की सड़क भी ठीक नहीं है। मोहल्लावासियों का कहना है कि टैक्स तो पूरा ले रहे हैं, लेकिन सुविधाएं कोसों दूर हैं।
वार्ड 14 में गलियों की बदहाल स्थिति विकास के दावों की पाेल खोल रही है। पुराने सागर रोड से हाईवे को जोड़ने वाले गोविंद सागर बांधी की दाईं नहर का कच्चा मार्ग पाइपलाइन की खुदाई से खराब हो गया था। अब बारिश से यह दलदल में तब्दील हो गई है। मोहल्लावासियों का कहना है कि नगर पालिका को टैक्स देकर ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
-
मुख्य मार्ग के किनारे नहीं है नाली
वार्ड 14 में गोविंद सागर बांध की दाईं नहर से मवेशी बाजार तक मुख्य सड़क के किनारे नाली का निर्माण नहीं किया गया है। बारिश ही नहीं सर्दी व गर्मी में भी सड़क से होकर पानी बह रहा है। पानी से निर्माण के कुछ ही दिन में सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। इसके बाद भी अब तक नाली का निर्माण नहीं किया गया।