फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली कटौती से नहीं भर पाईं टंकियां, रात भर जागकर टैंकरों से भरा पानी

विज्ञापन
हैंडपंप में पानी आने का इंतजार कर रहे लोग - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
ललितपुर। बिजली की अंधाधुंध कटौती से शहर की जलापूर्ति लड़खड़ा गई है। बिजली गुल रहने से जल संस्थान की टंकियों में पानी पूरी क्षमता से नहीं भर पाता है। लोगों को आसपास हैंडपंप तलाशने पड़ रहे हैं, कइयों ने टैंकर से पानी भरकर प्यास बुझाई। बृहस्पतिवार को केवल पांच घंटे ही बिजली मिल पाई। मोहल्ला रैदासपुरा व नेहरू नगर में लोगों को रात्रि जागरण कर पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जल संस्थान द्वारा टंकियों के माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों में जलापूर्ति की जाती है। बीते दो दिन से बिजली की अंधाधुंध कटौती हो रही है। केवल पांच घंटे ही बिजली मिल पाई, जबकि टंकियों को भरने के लिए 21 घंटे बिजली की जरूरत रहती है। ऐसे में शुक्रवार को आधी अधूरी भरी हुईं, टंकियों से जलापूर्ति की गई। परिणाम यह रहा कि किसी को दस-पंद्रह मिनट भी पानी नसीब नहीं हुआ। इस कारण लोगों ने आसपास के हैंडपंप से पानी भरा।
कई स्थानों पर जल संस्थान द्वारा भेजे गए टैंकरों से पानी भरा गया। विभागीय अफसरों का कहना है कि जलापूर्ति बाधित होने से 21 टैंकरों से लोगों को पानी उपलब्ध कराया गया।
विज्ञापन

नेहरू नगर में पेयजल का संकट एक सप्ताह से ज्यादा से बना हुआ है, लेकिन अब तक आपूर्ति में सुधार नहीं हो सका है। कुछ टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन गलियों में रहने वाले लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
- कस्तूरी
नेहरू नगर में पेयजल का इतना बुरा हाल है कि स्थानीय लोगों को रात और दिन में मशक्कत करके पानी जुटाना पड़ रहा है। यदि टैंकर आता है तो उस पर पानी भरने के लिए भीड़ लग जाती है। हैंडपंप पर भी अक्सर पानी भरने वालों की भीड़ बनी रहती है।
- सलमा
जब तक टंकी नहीं बन जाती है, तब तक मोहल्लेवासियों को पेयजल से निजात मिलने वाली नहीं है। पिछले कई सालों से मोहल्लेवासी पेयजल की समस्या से जूझते आ रहे हैं। इस साल राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका है।
- आशिया
मोहल्ला रैदासपुरा में हैंडपंपों से पानी कम निकल रहा है। यदि दो बाल्टी पानी निकल जाए तो इसके बाद आधा घंटा हैंडपंप में पानी आने का इंतजार करना पड़ता है। इससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है।
- राजेश
अधिकारी पेयजल की समस्या देखने के लिए मौके पर कभी आते नहीं है। इस कारण लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है। एक टैंकर मोहल्ले में आ रहा है, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है। पेयजल की विकट स्थिति बनी हुई है।
- घनश्याम
मोहल्ले में नई पाइप लाइन बिछाने की जरूरत है, लेकिन विभाग द्वारा कोई काम नहीं किया जा रहा है। महिलाएं आधी रात तक हैंडपंपों से पानी भरती हैं। इसके बाद सुबह तीन बजे से फिर पानी भरने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
- रमेश माते
पर्याप्त बिजली की आपूर्ति हुई तो आज मिलेगा पानी
बिजली की कटौती का असर शहर की आपूर्ति पर पड़ रहा है। टंकियों के खाली रहने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। यदि पर्याप्त बिजली की आपूर्ति मिलती रही तो शनिवार को जलापूर्ति सुचारु होने की संभावना है।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
नेहरू नगर में समाजसेवियों ने शुरू किए टैंकर
ललितपुर। नेहरू नगर में बीते वर्षों चली आ रही पानी की समस्या इस वर्ष भी जस की तस है। इसे ध्यान में रखकर मोहल्लेवासियों को राहत देने के लिए वीर व्यायामशाला के संरक्षक व व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष नरेंद्र कडंकी ने साथियों की मौजूदगी में निजी ट्रैक्टर से टैंकर चलवाने का श्रीगणेश किया। उन्होंने नारियल फोड़कर टैंकरों से पानी की सुविधा का शुभारंभ किया। व्यापारी नेता नरेंद्र कडंकी ने कहा कि सभी लोग कोरोनावायरस संक्रमण से बचाव को लेकर सामाजिक दूरी बनाकर टैंकरों से पानी लें। जब तक नेहरू नगर में पानी की टंकी का निर्माण नहीं होता, तब तक यह सेवा लगातार जारी रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के खराब पड़े हैंडपंपों को सही करवाए जाने की अपील की। इस दौरान अजय पहलवान, राजेश चंद्र बबली डोंगरा, अभिषेक, गुड्डू राजा, वैभव टिन्ना, कन्हैया नामदेव, राहुल, देवेंद्र राय, पुष्पेंद्र यादव, अंकुर यादव आदि मौजूद रहे।

हाथ ठेले पर पानी के बर्तन रखकर पानी ढोता युवक- फोटो : LALITPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें