ललितपुर। मंगलवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि अब तक एक दिन में पहली बार सबसे अधिक टीकाकरण हुआ है। इसी प्रकार प्रतिदिन एक नया कीर्तिमान स्थापित करना है, जिसके लिए हम सभी को पूरी तत्परता के साथ कार्य करना है। सभी अधिकारी अपने अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता के साथ निभाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कोविड-19 कोर कमेटी बैठक की अध्यक्षता डीएम ने की। कोविड समीक्षा में बताया कि 24 घंटे में 2757 सैंपल लिए गए। इनकी जांच में एक संक्रमित मरीज मिला। जिलाधिकारी ने कहा कि मंगलवार को जनपद में सर्वाधिक टीकाकरण हुआ है, इसी प्रकार प्रतिदिन एक नया कीर्तिमान स्थापित करना है, जिसके लिए हम सभी को पूरी तत्परता के साथ कार्य करना है। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए निगरानी समितियां लगातार संदिग्ध मरीजों को ट्रेस करें। संचारी रोगों के प्रसार को रोकने के लिए शहरी और ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता पर विदेश ध्यान दें, साथ ही किसी भी स्थान पर जल का भराव न होने दें। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही ना की जाए। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, एडीएम लवकुश त्रिपाठी, वित्त व राजस्व अनिल कुमार मिश्र, न्यायिक रजनीश राय, सीएमओ डॉ. डीके गर्ग, सीएमएस डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान, रविंद्र वीर यादव, ईओ, डीडी संतोष कुमार सविता, एसीएमओ डॉ. हुसैन खान, डॉ. राजेश भारती, डीआईओ पीयूषचंद्र राय आदि मौजूद रहे।