संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज की दो महिला चिकित्सकों पर कार्रवाई तय है। बीते दिनों उपचार के अभाव में हुई प्रसूता की मौत के प्रकरण में जिलाधिकारी ने दो चिकित्सकों पर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए शासन को पत्र लिखा है।
एक मार्च को उपचार के अभाव में प्रसूता मालती सोनी की मौत हो गई थी। पीड़ित परिवार समेत नगरवासियों ने मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन किया था। महिला अस्पताल के चिकित्सकों पर एफआईआर दर्ज किए जाने समेत प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम का गठन किया था।
टीम ने चार दिन की जांच के बाद दो चिकित्सक को दोषी पाया था। साथ ही नर्सिंग होम संचालक को दोषी पाया था। नर्सिंग होम संचालक समेत 12 के खिलाफ बीते दिनों एफआईआर हो चुकी है।
अब जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने महिला अस्पताल की दोनों चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। विभाग को अब शासन से कार्रवाई का इंतजार है।ा