गोविंद सागर बांध में युवक के डूब जाने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस व लोगों की भीड़।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोविंद सागर बांध में बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे नहाने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसके साथ गए दो युवक बाहर बैठे थे। उन्होंने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक बांध में डूबे युवक की खोजबीन गोताखोरों की सहायता से की जा रही थी।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला नेहरूनगर निवासी मोहिद्दीन (20) बृहस्पतिवार की शाम को करीब पांच बजे मोहम्मद उमर और एक अन्य युवक के साथ गोविंद सागर बांध में नहाने गए थे। इसी दौरान मोहिद्दीन बांध में नहाने लगा, जबकि दो अन्य युवक पानी के बाहर बांध के किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान बांध में नहाते समय मोहिद्दीन अचानक गहरे पानी में डूब गया, जिस पर उसके दोनों साथियों ने आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकारा, लेकिन तब तक वह डूब चुका था। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और खोजबीन शुरू कर दी।
युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त युवक पानी में नहा रहा था, जबकि दूर दो अन्य युवक भी तैर रहे थे, जिस पर उक्त युवक उन्हें देखकर दूर तक तैरते हुए चला गया और जब वह वापस लौट रहा था, तभी अचानक से वह डूब गया। यह देख उसके साथी भी घबरा गए और तत्काल उन्होंने लोगों को मदद के लिए पुकारा। परिजनों के अनुसार जो युवक पानी में डूब गया है वह अच्छा तैराक था। उक्त युवक रामराजा मंदिर के पास फल का ठेला लगाता था और वह तीन भाइयों में छोटा था। जानकारी मिलने पर गोविंद सागर बांध चौकी प्रभारी मनीष शुक्ला, कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला, सीओ सिटी इमरान अहमद मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश जारी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मोहिद्दीन बांध में नहाने के दौरान डूब गया है और उसकी खोजबीन गोताखोरों के माध्यम से की जा रही है। उसके साथ आए दो युवकों में से एक वहां मौजूद रहा, जबकि एक अन्य भाग गया।