ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहर के एक मोहल्ला में महिला का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचकर गेट खटखटाना एक मनचले सफाई कर्मचारी को भारी पड़ गया। महिला ने बाहर निकलकर सफाई कर्मचारी की पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
शहर के एक मोहल्ला में एक सफाई कर्मचारी कई दिनों से एक महिला के मोहल्ले में गलत इरादे से जा रहा था। बुधवार को भी वह महिला का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचकर दरवाजे को खटखटाने लगा। कई दिनों से उसकी हरकत को देखते हुए महिला को क्रोध आ गया। इससे परेशान महिला ने घर से बाहर निकलकर मनचले सफाई कर्मचारी की कॉलर पकड़कर उसको कई थप्पड़ जड़ दिए और खूब खरी खोटी भी सुनाईं। यह देख मोहल्ले में लोगों का मजमा लग गया और मोहल्ले की अन्य महिलाओं और बच्चों ने भी महिला का समर्थन किया। सफाई कर्मचारी द्वारा पहले भी ऐसी हरकतें करने की बात बताई गई है। महिला ने डायल 112 को फोन करके मनचले को पुलिस के हवाले कर दिया गया। किसी ने इस घटनाक्रम के मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो दिन भर चर्चा में रहा।