कलक्ट्रेट में कोर कमेटी की बैठक लेते डीएम
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। बुधवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सघन निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट एल- 2 में भर्ती मरीजों की विशेष निगरानी रखें।
कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी ने कोरोना की स्थिति की समीक्षा की। बताया कि 24 घंटे में 1,519 टेस्ट किए गए हैं। इनमें एंटीजन किट की जांच रिपोर्ट में दो संक्रमित केस पाए गए हैं। तीन मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है। 25 एक्टिव केस हैं। जिलाधिकारी ने पॉजिटिव मरीजों की सघन निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पतालों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कराने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जनपद में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। साफ-सफाई को लेकर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) डॉ. अमित चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला) डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान आदि अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।