संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सैदपुर में 1472 एकड़ भूमि पर बल्क ड्रग पार्क का नक्शा तैयार करने के लिए तेजी से कार्य प्रारंभ है। कानपुर से इंजीनियरों की टीम ने वहां डेरा डाल रखा है। सड़क चौड़ीकरण व विद्युत लाइन के लिए विभागों को प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। वहां एक सब स्टेशन तैयार किया जाएगा।
तीन दिनों से डेरा डाले इंजीनियर यहां होने वाले विकास का खाका तैयार करेंगे। वे फैक्टरियों लिए भूमि का आकलन करते हुए अन्य इमारतों व सड़कों का निर्धारण करेंगे। जब सर्वे पूर्ण हो जाएगा, तो अन्य किसी योजना पर कार्य किया जाएगा। उनके तैयार नक्शे के अनुसार ही वहां विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। यूपीसीडा ने वहां के विकास कार्यों के लिए शासन से 25 करोड़ रुपये की मांग की है। विकास कार्यों का खाका तैयार होने के बाद शासन से धनराशि मिलने का भी रास्ता साफ हो जाएगा। जल्द ही इस ड्रग पार्क के मूर्त रूप लेने की उम्मीद है।
-
पार्क के लिए बिछाई जाएगी लाइन
तहसील मड़ावरा मुख्यालय स्थित 220 केवी उपकेंद्र से सैदपुर तक 33 केवीए की लाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। विद्युत विभाग ने अपने स्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया है। यहां 33 केवीए लाइन के बाद उपकेंद्र की स्थापना की जाएगी।
सड़कों का होगा चौड़ीकरण
जनपद मुख्यालय से सैदपुर तक सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाना है। इसकी कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी गई है। सूत्रों ने बताया कि सैदपुर तक फोरलेन का निर्माण किया जाएगा।
बल्क ड्रग पार्क पर स्थलीय निरीक्षण करने के लिए इंजीनियरों की तैनाती की गई है। वे यहां होने वाले विकास कार्यों का नक्शा तैयार करेंगे। अन्य सड़क, बिजली के लिए भी कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी गई है।
संदीप कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा।