ललितपुर। बड़े शहरों की तर्ज पर अब नगर का सुपर मार्केट केसरिया रंग में नजर आएगा। सभी दुकानों की रंगाई-पुताई एक ही रंग की जाएगी। इसके अलावा प्रकाश की व्यवस्था रहेगी। साथ ही कचरा उठान के लिए डस्टबिन रखे जाएंगे। पार्कों में छांव वाले पौधे रोपे जाएंगे, जिससे नगरवासियों को इसका लाभ मिल सके।
नगर में 28 हजार से अधिक मकान बने हुए हैं। नगरीय सीमा के साथ भवनों का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसको देखते हुए नगर पालिका के सामने जिम्मेदारियां बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में नगर पालिका ने शुरुआती चरण में नगर के बीचोंबीच स्थित सुपर मार्केट को सुपर बनाने की तैयारी कर ली है। चंद्रशेखर आजाद उद्यान पार्क (कंपनी बाग), बैंक, गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकार भवन, बीएसएनएल आफिस, मत्स्य विभाग, पुस्तकालय, पुराना नगर पालिका भवन, फल और सब्जी मंडी से घिरा सुपर मार्केट नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। खाद, बीज और घरेलू सामान की दुकानें खुली होने के कारण बड़ी संख्या में यहां ग्राहक आते हैं। वहीं, फल और सब्जी मंडी में सुबह व शाम बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए आते हैं। नगर के लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखकर नगर पालिका सुपर मार्केट की तस्वीर बदलने जा रही है। इसके अंतर्गत दो पार्क बनकर तैयार हो गए हैं। इन पार्कों में आधा दर्जन से अधिक छांवदार पौधे रोपे जा चुके हैं।
साथ ही बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां लगाने का कार्य प्रस्तावित है। साफ-सफाई को ध्यान में रखकर यहां पर अतिरिक्त डस्टबिन लगाए जाएंगे। साथ ही पार्क में बैठने और घूमने के लिए आने वाले इधर-उधर कचरा न फेंके, इसको देखते हुए पार्क के बगल में डस्टबिन लगाई जाएंगी। दुकानों और पूरे बाजार को बड़े शहरों की तर्ज पर एक ही रंग केसरिया में रंगा जाएगा, जिससे बाजार दूर से ही आकर्षक नजर आएगा। साफ-सफाई के साथ नियमित कचरा उठान के लिए कर्मचारी तैनात रहेंगे, जिससे इधर-उधर गंदगी नहीं दिखाई दे। भारी वाहन को अंदर जाने से रोकने के लिए पुराने नगर भवन के मुख्य गेट व बैंक से जाने वाले रास्ते पर रेलिंग लगाई जाएगी। प्रकाश की व्यवस्था के लिए 15 लाख रुपये की लागत से 16 मीटर ऊंची हाईमास्क लाइट लग चुकी है। इसका लाभ व्यापारियों के साथ नगरवासियों को मिल रहा है।
हटेंगी शराब व मांस की दुकानें
सुपर मार्केट व आसपास करीब आधा दर्जन शराब और मांस की दुकानें खुली हुई हैं। इससे पूरे बाजार का माहौल खराब हो रहा है। इसको देखते हुए नगर पालिका ने शराब के साथ मांस की दुकानों को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। सूत्रों की मानें तो इस संबंध में डीएम को पत्राचार किया गया है, जिससे ऐसी दुकानों को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित किया जा सके।
--इनका कहना है--
सुपरमार्केट को सुपर बनाने की दिशा में नगर पालिका लंबे समय से प्रयासरत है। सीसी रोड के साथ पार्क बनकर तैयार हो चुके हैं। जल्द ही यह प्रमुख बाजार नए लुक में नजर आएगा, जिसका लाभ नगरवासियों के साथ आने-जाने वालों को मिलेगा।
- सुभाष जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष