कैप्सन -सुनौरी और पिपरई में लगे अवैध बालू के ढेर
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। तमाम प्रयास के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन के काले कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है। बेतवा नदी के अलावा गांवों से निकले नदी ओर नालों के किनारे इस समय बड़े पैमाने पर अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है। ग्राम सुनौरी और पिपरई में अवैध बालू के ढेर लगे हैं।
बारिश का सीजन शुरू होने के साथ ही प्रदेश में खनन पर रोक लगा दी गई है। इसके बावजूद बेतवा नदी के किनारे बसे गांवों के अलावा ग्राम पिपरई और सुनौरी में योजनाबद्ध तरीके से अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है। इस कार्य में शामिल कारोबारी की हनक के चलते कोई व्यक्ति शिकायत करने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। कई बार अवैध खनन की शिकायत करने पर कारोबारी ने ही पुलिस के सामने ही शिकायत करने वालों को बेइज्जत कर दिया। हालांकि, उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर की अगुवाई में चार दिन पहले पुलिस, वन विभाग की टीम ने छापामार कर भारी मात्रा में ग्राम वर्मा बिहार में अवैध बालू पकड़ी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार पूरे समय अवैध बालू का कारोबार चलता रहता है। रात में ट्रकों एवं डंपरों से बालू को बाहर भेज दिया जाता है। रात भर वाहनों की आवाजाही के चलते वह रात में सो नहीं पा रहे हैं। लोगों ने इस अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
सही जानकारी मिलने पर अवश्य कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। - मोहम्मद कमर, उपजिलाधिकारी तालबेहट।