तालबेहट। लाखाें की लागत से बना सुकुवां-ढुकुवां बांध के रिपटे का कुछ हिस्सा रिपटा बारिश के पानी के बहाव में बह गया। इससे बबीना जाने के लिए लोगों के सामने मुसीबत खड़ी हो गई है।
विरधा और बबीना क्षेत्र के मध्य बेतवा नदी पर स्थित सुकुवां-ढुकुवां बांध के समीप रिपटा बना हुआ है। इससे बबीना से पूराकलां एवं पूराविरधा क्षेत्र के कई गांवों के लोग झांसी और बबीना जाते हैं। झांसी से टीकमगढ़ होकर बस भी चलती है। इस बार बारिश के शुरुआती दौर में ही बांध के समीप लाखों की लागत से बने इस रिपटे का कुछ भाग बह गया। ऐसे में इस रिपटे से वाहनों का गुजरना जोखिम भरा है। रिपटे के क्षतिग्रस्त होने से झांसी से कंधारीकलां क्षेत्र में प्रतिदिन आने वाले शिक्षकों के लिए संकट खड़ा हो गया है।
बारिश के बाद हर बार इस रिपटे के निर्माण पर प्रशासन लाखों रुपये खर्च करता है। यदि इस रिपटे के स्थान पर पुल बना दिया जाए तो समस्या का समाधान हो जाएगा। -भूपेंद्र सिंह, भैसनवारा कलां।
बबीना में मेरा घर और भैंसनवारा में खेती है। हर बार की तरह इस बार भी रिपटा बह जाने से तालबेहट होकर खेत पर जाना पड़ेगा। इससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होगा। - भल्लू यादव, बबीना
पानी के तेज बहाव में रिपटे का कुछ हिस्सा बह गया है। अवर अभियंता से जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना उचित होगा। - उमेश सिंह, अधिशासी अधिकारी बेतवा प्रखंड झांसी
इन गावों के लोगों को हो रही परेशानी
रिपटा बहने से सबसे ज्यादा परेशानी पूराविरधा, कंधारीकलां, भैंसनवारा खुर्द, झावर, पुराखुर्द, भैंसनवारा कलां, पूराकलां, गेवरा, उगरपुर आदि गांवों के अलावा मध्य प्रदेश के जिरोन, सिमरा के लोगों को होगी। इन्हें झांसी जाने के लिए तालबेहट होकर जाना पड़ेगा।