ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम रनगांव में एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। जानकारी मिलने पर मड़ावरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम रनगांव निवासी नीलेश (24 वर्ष) पुत्र भैरों लोधी बुधवार की सुबह करीब 10 बजे घर से खेत पर जाकर सिंचाई करने की बात कहकर निकला था। इसके बाद शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसका छोटा भाई आकाश उसे देखने के लिए खेत पर गया और उसकी तलाश की तो उसका शव बबूल के पेड़ पर मफलर से फांसी के फंदे पर लटक रहा था। जिस पर आकाश ने इसकी जानकारी दूसरे खेत पर काम कर रहे अपने पिता को दी। इसके बाद उसके पिता और अन्य परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मड़ावरा पुलिस को घटना की सूचना दी। मड़ावरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक के पिता भैरों लोधी ने बताया कि उसका पुत्र सुबह घर से खेत पर सिंचाई की बात कहकर चला गया था। उसका पुत्र नशे का आदी था, हालांकि वह ईंट बनाने के लिए भट्टे पर मजदूरी का काम करता था। फिलहाल उसने पुत्र के फांसी लगाने के कारणों से अनभिज्ञता जताई है। मृतक दो बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर का था।