ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ललितपुर-जीरोन रेलवे स्टेेशन के मध्य एक युवक का शव पड़ा मिला, जिसकी पहचान उसके पास मिले मोबाइल नंबर व सुसाइड नोट के आधार पर थाना मड़ावरा के ग्राम प्यासा निवासी युवक के रूप में की गई। सुसाइड नोट में युवक ने मरने से पहले लिखा कि उसके साथ जिसने बुरा किया, उसका भगवान बुरा करेगा और बच्चे का ख्याल रखने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती चौकी अंतर्गत ललितपुर-जीरोन रेलवे स्टेशन के मध्य खंभा नंबर 1035/05-03 पर रेलवे लाइन के किनारे बुधवार की दोपहर में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर सिविल लाइन चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई, जहां शव के पास मृतक का मोबाइल पड़ा हुआ था और उसके कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें टूटी फूटी भाषा में अपना नाम पता और उसने खुद ही आत्महत्या करने की बात लिखी है और उसके बच्चे का ख्याल रखने की बात भी लिखी है। उसने यह भी लिखा कि जिसने उसके साथ बुरा किया है, भगवान उसका बुरा करेगा। पुलिस ने मोबाइल पर मिले नंबरों व सुसाइड नोट में लिखे पते के आधार पर उसकी पहचान थाना मड़ावरा के ग्राम प्यासा निवासी देशराज पुत्र चंद्रभान के रूप में की गई। जानकारी मिलने पर मृतक के पिता चंद्रभान में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक के पिता चंद्रभान ने बताया कि उसका पुत्र देशराज बुधवार की सुबह करीब सात बजे मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कहकर चला गया था। इसके बाद वह काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन कर पूछा तो वह कभी मड़ावरा, तो कभी ललितपुर होने की बात कर रहा था और मोबाइल पर वह मरने की बात भी कर रहा था। जिस पर उन्होंने उसके बताए स्थानों पर पहुंचकर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार की सुबह उसने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर बेटे की पहचान की। फिलहाल कोतवाली पुलिस उक्त मामले में जांच पड़ताल में जुटी हुई है। मृतक के पिता चंद्रभान ने बताया कि मृतक बेटे के यहां एक पुत्र व एक पुत्री है और वह दो भाईयों में बड़ा था।
इस मामले में अभी कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है, यदि कोई शिकायत आती है, तो जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली।