तालबेहट। सशक्त गांव विकसित प्रदेश अभियान के तहत बृहस्पतिवार को ग्राम सभा की बैठक तालबेहट ब्लॉक के पांच गांवों में हुई। जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने तालबेहट ब्लॉक के ग्राम पंचायत जमालपुर, तेरई, सेरवांस कला, रामपुर तथा सुनौरी में चौपाल में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
डीएम सबसे पहले ग्राम जमालपुर पहुंचे, यहां पर ग्रामीणों से कहा कि सशक्त गांव विकसित प्रदेश के तहत चलाये जा रहे जन जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करना, केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित समस्त सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देना, ग्राम पंचायतों के विकास हेतु जन समुदाय में सहभागिता बढ़ाना, ग्राम पंचायतों को समग्र विकास हेतु संवेदनशील बनाना है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी।
तेरई फाटक में चौपाल के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत जिन ग्रामवासियों को राशनकार्ड नहीं मिले हैं उन्हें शीघ्र ही राशनकार्ड प्रदान कर राशन का वितरण कर दिया जायेगा। सेरबांस कला में उप मुख्यचिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय भाले द्वारा डेंगू, चिकिनगुनिया तथा मलेरिया से बचने के उपाय बताए गए। जिलाधिकारी ने अवैध शराब की बिक्री पर रोग लगाने के निर्देश जारी किये। रामपुर में चौपाल में नोडल अधिकारी डीसी मनरेगा नरेन्द्र देव द्विवेदी ने ग्रामीणों को विभिन्न येाजनाओं की जानकारी दी।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय एवं जूनियर हाई स्कूल रामपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से पठन-पाठन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिये। इसके बाद सुनौरी में चौपाल हुई।
विभिन्न ग्रामों में आयोजित चौपाल के समय जिला पूर्ति अधिकारी डीएस राम, अधिशाषी अभियंता जल संस्थान, खण्ड विकास अधिकारी तालबेहट बब्बन राय, जिला सूचना अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे सहित विकास विभाग के अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।