ललितपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के अभ्यर्थियों को बसों की कमी से परेशान होना पड़ा। उन्हें ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ा। परीक्षा में जिले से नौ हजार से अधिक अभ्यर्थी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें 50 फीसदी से अधिक ने शनिवार को झांसी व आगरा केंद्र पर परीक्षा दी। शेष रविवार को परीक्षा देंगे।
छह व सात सितंबर को पीईटी का आयोजन किया जा रहा है। जनपद से 4,981 अभ्यर्थियों का सेंटर झांसी गया है। वहीं, लड़कों का सेंटर आगरा गया है। लेकिन, जिले में बसों की कमी ने अभ्यर्थियों को परेशानी में डाल दिया। पहले तो आगरा के लिए यहां से बस की सुविधा नहीं है। वहीं, रोडवेज बसों की कमी के चलते निजी बसों व ट्रेन का ही सहारा रहा। ट्रेन पहले से ही भरी चल रही हैं। निजी बसों में भी जगह न होने से परेशानी और बढ़ गई। कई को झांसी के लिए निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा तो कई समय से पहले जाने को मजबूर हो गए। लड़कियों को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जाना पड़ा।