ललितपुर। एवीएम इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मेजर चंद्र मोहन ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना और सैनिकों के जीवन के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। सैनिकों का जीवन वीरता, अनुशासन, त्याग, धैर्य, परिश्रम और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने और कठिनाइयों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया। सफलता के लिए निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच आवश्यक है। उनके विचारों ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना मजबूत की।
विद्या मंदिर समिति के अध्यक्ष कैलाश नारायण ड्योडिया ने सैनिकों के साहस को प्रेरणा स्रोत बताते हुए विद्यार्थियों को उनसे अनुशासन और त्याग सीखने को कहा। निदेशक श्रेयाश ड्योडिया ने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए पुस्तकीय ज्ञान के साथ दायित्व समझना भी जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य शिवराम झा ने मेजर चंद्र मोहन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर समन्वयक दीप्ति अरोरा, आनंद उपाध्याय सहित विद्यार्थी और शिक्षक मौजूद रहे।