ललितपुर। थाना जाखलौन के ग्राम जहाजपुर निवासी कक्षा 9वीं का छात्र 14 अगस्त की रात को कमरे में जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। परिजन उसकी झाड़-फूंक कराने ले गए। लेकिन हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता संतोष के मुताबिक 14 अगस्त की रात को उसका पुत्र अमन (14) उसके साथ कमरे में जमीन पर सो रहा था। सुबह करीब 3 बजे वह उठकर बरामदे में सोने को चला गया था। जबकि अमन कमरे में ही सो रहा था। सुबह 4 बजे अमन ने उसे जगाया और कहा कि कमरे में सांप है। परिजनों ने कमरे में खोजबीन की। लेकिन वह नहीं मिला। जिसके बाद अमन सो गया। करीब आधा घंटे बाद कमरे में सांप दिखाई दिया तो अमन को उसकी मां ने जगाया। परिजनों को बुलाया तो उन्होंने सांप को मार दिया था।
कुछ देर बाद अमन की हालत बिगड़ने लगी थी और उसको उल्टियां होने लगी। तब परिजनों को पता चला कि अमन को सांप ने काटा है।
परिजन उसे आनन फानन झाड़फूंक कराने के लिए ले गए। करीब एक से डेढ़ घंटे तक झाड़फूंक कराने के बाद हालत में सुधार नहीं हुआ तो अमन को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने अमन के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक कक्षा 9वीं का छात्र था और दो भाई-तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। सीओ अजय कुुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने सांप के काटने से मौत होने की बात बताई।