रविवार को नौ तपा के चौथे दिन जहां जनता भीषण गर्मी से परेशान रही, वहीं रात में तेज हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। तेज हवा के चलते कई जगह बिजली के तार टूटने से विद्युत आपूर्ति ठप रही। इसके चलते सुबह नगर की पेयजल आपूर्ति ठप रही। वहीं, कई स्थान पर पेड़ गिरे। गेवरा में खपरैल गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वही देवामाता टपरियन में बिजली के तारों की चपेट में आने से पिता पुत्र झुलस गए।
रविवार को दोपहर में इस बार के मौसम की सबसे अधिक गर्मी थी। इसके चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रात में मौसम ने यकायक परिर्वतन हुआ। तेज हवाए चलने लगी। बाद में रात में काफी समय तक तेज हवाओं ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ गिर गए। कई मकानों एवं दुकानों के ऊपर गर्मी से बचने के लिए लगी त्रिपाल तक हवा में उड़ गई। तेज हवा के चलते रात में ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बुरी तरह से लड़खड़ा गई।
सोमवार को सुबह मौसम में यकायक बदलाव आया। आसमान में काले बादल छा गए। जब तक लोग मौसम के मिजाज को समझते तब तक आसमान से जमकर बारिश होने लगी। जिसके बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बारिश के बाद लोगों को कुछ राहत अवश्य महसूस हुई। सोमवार को पूरे दिन मौसम पल पल अपने रंग बदलता रहा।
बॉक्स में
तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से पिता पुत्र झुलसे
तालबेहट (ललितपुर)। रविवार की रात तेज आंधी में विद्युत तार गिर गए। सोमवार को देवामाता टपरियन में जमीन पर पड़े नंगे विद्युत तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से श्रीपत 65 वर्ष पुत्र प्यारेलाल झुलस गया। उसे बचाने गया उसका पुत्र समरथ 25 वर्ष भी झुलस गया। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट लाया गया।
खपरैल गिरने से महिला गम्भीर
तालबेहट (ललितपुर)। तेज आंधी में थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम गेवरा गुंदेरा में राजेन्द्र का एक खपरैल मकान गिर गया। जिसकी चपेट में आने से उसकी पत्नी भागवती गम्भीर रूप से चोटिल हो गई। उसे रात में उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट लाया गया। जहां उसकी गम्भीर हालत होने पर उसे मेडीकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया।
माताटीला में तार टूटने से पेयजल आपूर्ति गड़बड़ाई
तालबेहट (ललितपुर)।तेज आंधी के चलते माताटीला में विद्युत तार टूट गए। जिससे माताटीला की विद्युत आपूर्ति ठप रही। इस कारण माताटीडला से फिल्टर पम्प तक पानी की आपूर्ति न होने के कारण नगर की पेयजल आपूर्ति ठप रही।