- एक पक्ष की शिकायत पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली सदर अंतर्गत चौकी राजघाट क्षेत्र आने वाले ग्राम रानीपुरा निवासी तुलसीराम ने पुलिस को तहरीर में बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 10 बजे शराब पीकर भजन, गनपत, धर्मेंद्र, संजू निवासी ग्राम रानीपुरा आए और उससे व उसके परिजन के साथ गाली-गलौज करने लगे। पिता चिप्पे ने जब गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव डालने लगे। पिता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें लात घूंसो, लाठी-डंडों एवं कुल्हाड़ी से पीट दिया। जिसमें वह घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई प्रकाश, उसकी पत्नी प्रीति से भी मारपीट की गई। इस घटना में वह, पिता, बड़ा भाई और पत्नी घायल हो गई थी। इसके साथ आरोपियों ने घर में रखे ट्रैक्टर व बाइक में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मारपीट में घायल हुए सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायल चिप्पे की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरे पक्ष के खुशीराम ने भी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें दूसरे पक्ष द्वारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मारपीट के मामले में एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों ही पक्ष एक ही परिवार के हैं। घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।