तालबेहट। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों से हो रही परेशानी की खबरें प्रकाशित होने के बाद नींद से जागे लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने स्टेशन रोड़ की सड़क पर गड्ढे भरवाने का काम शुरू कर दिया है। बताते चले कि काफी समय से विभागीय अधिकारियों के द्वारा सड़क की मरम्मत पर ध्यान न देनेे के कारण नगर के आसपास गांवों को जोड़ने वाली सड़कों ही हालत काफी दयनीय हो गई थी। इसमें तालबेहट से पूराकलां और तालबेहट से तरगुवा मार्ग की हालत तो काफी खराब स्थिति में हैं। लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में लगातार खबरें प्रकाशित होने तथा अमर उजाला के अभियान ‘सेल्फी विद गड्ढा’ के जरिए गड्ढों की तस्वीरें प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ए दिनेश कुमार ने इसे संज्ञान लेते हुए सड़क की मरम्मत पर ध्यान देने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में रविवार से तालबेहट माताटीला तिराहे से स्टेशन रोड की ओर जाने वाली सड़क पर बने गड्ढों में तारकोल एवं गिट्टी डालने का काम शुरू हो गया। इसके पूर्व ललितपुर शहर की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त हो चुकी हैं।