संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में मसालों में मिलावट हो रही है, इनमें रंगों व अन्य तत्वों को मिलाकर आकर्षक बनाया जाता है। जिससे दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित कर ज्यादा मुनाफा कमा सकें। साथ ही स्टार्च मिलाकर उसका वजन भी बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। अभी तक लिए गए नमूनों की जांच में यह उजागर हुआ है। जांच में कुछ हानिकारक तत्व भी सामने आए हैं।
त्योहारों को देखते हुए हल्दी, मिर्च मसाले में मिलावट होती है। व्यापारी त्योहारों में मांग बढ़ने पर अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में मिलावट करते हैं। हालांकि जनपद में अभी तक जो नमूने फेल हुए हैं, वह अधोमानक पाए गए हैं। यहां पर हल्दी में व मिर्च पाउडर में स्टार्च मिलाकर इसका वजन बढ़ाया जाता है। कुछ व्यापारी मसालों को आकर्षक बनाने के लिए रंगों का भी प्रयोग करते हैं। हालांकि इसकी पहचान करना भी आसान हो जाता है। इससे बचने के लिए खुले मसालों का उपयोग न किया जाए।
घर पर ऐसे करें पहचान : एक कांच के गिलास में पानी लेकर उसमें थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर को छिड़क दें। अगर पानी में तत्काल वह बैठ जाती है, तो मिर्च पाउडर में मिलावट है। इसी तरह हल्दी पाउडर की भी जांच कर सकते हैं। अगर मिर्च में बुरादा मिला होगा, तो वह निचे नहीं बैठेगा, तैरता रहेगा। हींग में स्टार्च मिलावट के लिए पानी में हींग डालकर उसमें टिंचर आयोडीन मिलाया जाए, तो पानी का रंग नीला हो जाएगा।