ललितपुर। तालबेहट क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसके घर से जेवरात व नकदी चुराने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने रविवार को घटनास्थल का मौका- मुआयना किया और पीड़ित को आरोपी शीघ्र पकड़ने का आश्वासन दिया।
थाना तालबेहट के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह परिवार के सभी लोगों के साथ खेत पर गया था। घर पर 13 वर्षीय पुत्री अकेली थी। उसी दौरान अज्ञात व्यक्ति आया और घर की अंदर से कुंडी लगाकर पुत्री के साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह बेहोश हो गई। यही नहीं आरोपी घर में रखे सोलह हजार रुपये और साठ हजार रुपये कीमत के जेवरात भी लेकर भाग गया। पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लेते हुए वह रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवारवालों से घटना की जानकारी हासिल की। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्ष को कार्रवाई के निर्देश दिए और पीड़ित को कार्रवाई का भरोसा दिया।