ललितपुर। सामाजिक संगठनों के बाद अब पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी विष्णु तिवारी के गांव उसके घर मिलने पहुंचे, जहां प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी ने उसे प्रशासनिक स्तर पर प्रधानमंत्री आवास व मनरेगा के तहत रोजगार दिलाने का भरोसा दिया, वहीं पुलिस अधीक्षक ने विष्णु को उसकी योग्यता के आधार पर पुलिस लाइन में समायोजित करने की बात कही।
दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट के मामले में बीस साल तक सलाखों के पीछे बंद हाईकोर्ट से निर्दोष साबित होने पर बीस साल जेल से रिहा हुए थाना महरौनी के ग्राम सिलावन निवासी विष्णु तिवारी बीते माह जब घर लौटा, तो टूटा फूटा घर और बिखरा परिवार मिला। यह देख उसके आंसू तक छलक उठे। उसके अंधेरे जीवन की दास्तान सुनकर कई सामाजिक संगठन उसकी मदद को पहुंचने लगे और आर्थिक व घर गृहस्थी के सामानों के रूप में भी मदद करना शुरू कर दी। लेकिन जिला प्रशासन की ओर से भी विष्णु तिवारी की मदद के लिए पहल की गई है। वहीं, शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार शनिवार की शाम को ग्राम सिलावन पहुंचकर विष्णु तिवारी से मिलने पहुंचे, जहां उन्होंने उसके घर की माली हालत देखी और उसके परिवार की स्थिति भी जानी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने विष्णु तिवारी को घर गृहस्थी का खाने पीने का सामान देकर मदद की और विष्णु को उसकी योग्यता अनुसार विभाग में समायोजित करने की बात कही। वहीं सीडीओ ने उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कराए जाने और तत्काल रूप से पात्र गृहस्थी अंत्योदय कार्ड बनवाने की व्यवस्था किए जाने के साथ ही उसके परिवार के बेरोजगार सदस्यों को उनकी इच्छा के अनुसार मनरेगा के तहत काम दिया जाएगा।
ब्राह्मण महासंघ ने की 26 हजार की आर्थिक मदद
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ झांसी और ललितपुर के प्रतिनिधिमंडल भी विष्णु तिवारी के घर पहुंचा और उसे हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कुल 26 हजार रुपये नगद देकर आर्थिक मदद भी की। इस मौके पर महासंघ के बुंदेलखंड अध्यक्ष प्रशांत रिछारिया ने कहा कि उनका संगठन समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति के साथ सदैव मदद को तैयार है। उन्होंने कहा कि विष्णु तिवारी जैसे हजारों बेगुनाह जेलों में बंद हैं, जिन्हें लापरवाही पूर्ण ढंग से राजनीति का शिकार बनाकर झूठे मुकदमों में जेल भेजने का काम किया गया और गरीबी से लाचार लोग कानून के शिकंजे से बाहर नहीं निकल पाए। ऐसे तमाम लोगों की सूची तैयार करवाकर उनका संगठन विधिक सलाहकार उपलब्ध कराएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव व बुंदेलखंड प्रभारी श्यामाकांत चौबे, जिलाध्यक्ष विवेक तिवारी, जीएस तिवारी, डॉ. विजय भारद्वाज, विनोद मिश्रा, धीरज मिश्रा, नीरज मालवीय, रामनारायण शर्मा, अनुराग पांडेय, रिषिकेश रावत, सुमित मिश्रा, नितिन भार्गव, बंटी समाधिया, अनुराग मिश्रा, संजीव तिवारी, सत्येंद्र मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
विष्णु तिवारी को चेक देते राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के पदाधिकारी- फोटो : LALITPUR