जिले में वितरण के लिए मिली 635, किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराएगा कृषि विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। फसल में लगने वाले कीटों की रोकथाम के लिए किसानों को सोलर लाइट ट्रैप उपलब्ध कराए जाएंगे। यह उपकरण किसानों को 75 फीसदी अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे फसलों में होने वाली हानि को रोका जा सकेगा।
कृषि विभाग की ओर से फसलों में लगने वाले कीटों की रोकथाम के लिए अब आईपीएम के यांत्रिक उपायों के तहत सोलर लाइट ट्रैप को बोई गई फसलों में लगाने की सलाह दी जा रही है। सौर ऊर्जा से संचालित यह सोलर लाइट ट्रैप फसलों को कीटों से बचाव में कारगर बताए गए हैं। इसे सौर ऊर्जा के अलावा बिजली से भी चार्ज किया जा सकता है, जिसके लिए अलग से चार्जिंग सिस्टम लगाया गया है।
सोलर लाइट ट्रैप को किसी लकड़ी या पोल के सहारे खेत में स्थापित किया जाता है। यह दिन में चार्ज होने के बाद रात में स्वतः ही लाइट जलने लगती है। इसके प्रकाश से आकर्षित होकर कीट-पतंगे निचले हिस्से में लगे संग्रह प्लेट/चैंबर में भरे पानी या तेल में गिरकर मर जाते हैं। यह तकनीकी सुरक्षित होने के साथ ही पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है।
जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि जनपद में सोलर लाइट ट्रैप की 600 यूनिट प्राप्त हुई हैं। जिन्हें प्रत्येक विकास खंड में स्थापित कृषि रक्षा इकाइयों पर वितरण के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहां से किसानों को 635 रुपये में में दिया जाएगा। इस पर 75 प्रतिशत अनुदान धनराशि 431 रुपये डीबीटी के माध्यम से किसान के खाते भेज दिया जाएगा। उन्होंने सलाह दी कि किसान अपनी बोई फसलों को कीटों से सुरक्षा के लिए उक्त उपकरण को अपने खेतों में अवश्य लगाएं, जिससे फसलों में कीटों से होने वाली हानि को रोका जा सके।