तालबेहट। विकासखंड तालबेहट में तीन दिन हुई मूसलाधार बारिश के दौरान रजपुरा और जिजरवारा के बीच बनी पुलिया के पास की मिट्टी पानी के तेज बहाव में बह गई। इससे पुलिया के आसपास का रास्ता खराब हो गया है और आधा दर्जन गांवों के लोगों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित रहा। कई सरकारी भवनों में भी पानी का रिसाव होने लगा। वहीं झूमरनाथ क्षेत्र के पास रजपुरा और जिजरवारा गांव के बीच बनी पुलिया के दोनों ओर की मिट्टी तेज बहाव में बह गई। इससे रमपुरा कटवर, रजपुरा, खैरा, बटवाहा, कंगीरपुरा और जिजरवारा समेत आसपास के गांवों के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि मंडी परिषद की सड़क पर बनी पुलिया अभी सुरक्षित है लेकिन उसके आसपास की मिट्टी पिछले कई वर्षों से बारिश के दौरान बह जाती है। पिछले वर्ष भी मिट्टी बह जाने के बाद जिला पंचायत सदस्य कृष्णा मानसिंह ने निजी खर्च से इसकी मरम्मत कराई थी। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।