फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्दी ने ली दो की जान, बुजुर्ग बोले पहलीबार देखी ऐसी ठंड

विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। इन दिनों भीषण सर्दी पड़ रही है। थाना बार और सौजना क्षेत्र में सर्दी के कारण दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, मंगलवार को सर्द हवाओं से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। पूरे दिन धूप नहीं निकलने से लोग कंपकंपाते रहे। बुजुर्गों का कहना है कि इस तरह की सर्दी अब तक के जीवन में कभी महसूस नहीं की है।
विज्ञापन

थाना बार अंतर्गत कस्बा निवासी संतोष (40) पुत्र रामसेवक की मंगलवार को दोपहर में खेत पर सर्दी लगने से हालत खराब हो गई। उसे अचेत अवस्था में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार में दिखाया गया। इसके बाद शाम लगभग पांच बजे जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम नहीं कराया है। चिकित्सक डा. विवेक आर्य ने बताया कि मृतक को सर्दी लग गई थी, जिसे परिजन उपचार के लिए लाए थे, लेकिन अस्पताल आने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
उधर, थाना सौजना अंतर्गत ग्राम छापछौल निवासी धर्मा यादव सुबह नौ बजे अपने खेत पर नहा रहा था। इसी दौरान सर्दी लगने से अचेत होकर गिर पड़ा और कुछ देर में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक धर्मा की मौत सर्दी लगने से हुई है। मृतक अविवािहित था। चार भाइयों में सबसे बड़ा था।
विज्ञापन

सप्ताह भर से सर्द हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। इससे सर्दी का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। अब लोगों को ऊनी कपड़ों व जैकिटों में भी राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को चल रही तेज हवाओं ने लोगों को जनजीवन अस्त- व्यस्त कर दिया है। पूरे दिन धूप नहीं निकली। शहर के विभिन्न स्थानों पर अधिकांश लोग अलाव के सहारा लेकर तापते रहे। जिला अस्पताल में कुछ तीमारदार कचरा जलाकर राहत पानेे का प्रयास करते रहे। महिला अस्पताल में तीमारदार कांपते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों की हालत सर्दी से काफी खराब हो रही है। क्योंकि, सर्दी का कितना भी असर हो, किसानों को तो अपने खेतों पर जाना ही है।
बुजुर्गों का कहना है कि सर्दी का इतना प्रकोप पूरे जीवन काल में नहीं देखा है। इस तरह की सर्दी पहली बार देखने को मिल रही है। इससे सबसे अधिक समस्या बुजुुर्ग व बच्चों को है। थोड़ी सी लापरवाही बरतने पर बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। इसके अलावा जान भी जा सकती है।
आज मेरा जन्मदिन है। आज नए वर्ष पर में 81 वर्ष की आयु में प्रवेश कर रहा हूं। मैंने अपनेे जीवन काल में इतनी सर्दी कभी महसूस नहीं की है।
- रामस्वरुप तिवारी
इस तरह की सर्दी पहली बार पड़ी है। इस सर्दी से बचाव करना ही समझदारी है। सर्दी लगने पर जान बचाना मुश्किल हो रहा है।
- अरजन विश्वकर्मा
सर्द हवाओं से सर्दी बढ़ रही है। इतनी सर्दी पहली बार महसूस हो रही है। इसी तरह एक सप्ताह तक सर्दी पड़ी तो लोगों का जीवन पूरी तरह से अस्त- व्यस्त हो जाएगा। - मुकुट बिहारी
रेलवे स्टेशन पर दुबके रहे यात्री
कड़ाके की सर्दी के कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का बुुरा हाल रहा। जहां दिन भर चहल- पहल रहती हो, वहां पर सन्नाटा पसरा रहा। यात्री एक स्थान पर दुबके बैठे रहे। ट्रेनों के इंतजार में इन्हें बहुत जरूरी जाना था, केवल वही स्टेशन आए थे। बाकी लोगों ने घर में ही रहना उचित समझा। यात्री कंबल और शॉल लपेटे जहां जगह मिली, वहां पर बैठ गए। कोई हलचल नहीं हो रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें