चिह्नित किए जा रहे विद्यालय, छात्र-छात्राओं को स्मार्ट क्लास के जरिए दी जाएगी आधुनिक तरीके से शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक शिक्षा देने की पहल की जा रही है। इसमें बच्चों को स्मार्ट क्लास के जरिए शिक्षण कराया जाएगा। इसमें ऐसे विद्यालयों को चिह्नित किया जा रहा है जहां पर स्मार्ट क्लास संचालित नहीं हो रही है।
जिले में 1357 परिषदीय विद्यालय है। इनमें 866 प्राइमरी, 320 उच्च प्राथमिक और 171 कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में करीब 1.40 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके, इसके लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे है। इसमें छात्रों को आधुनिक तरीकों स्मार्ट क्लास के जरिए शिक्षण कार्य कराया जाना भी शामिल है।
इसी क्रम में अब बेसिक शिक्षा विभाग जिले में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा देने की पहल कर रहा है। इसमें ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर सूची तैयार की जा रही है जहां स्मार्ट क्लास नहीं है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक ऐसे विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनवाकर संचालन करवाया जाएगा। बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि सभी उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित करवाकर बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान कराई जाएगी।
-