ललितपुर। वैश्विक बीमारी कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को लिए गए 1094 सैंपल की जांच रिपोर्ट में एक युवती सहित छह व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन इसके बाद भी अंकुश नहीं लग पा रहा है। लगातार नए कोरोन संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने की आवश्यकता है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न सेंटरों से 1094 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 580 व्यक्तियों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच को मेडिकल कॉलेज झांसी भेजे गए हैं। इसके अलावा ट्रूनॉट किट से 7 और एंटीजन किट से 507 सैंपल लिए गए। बीते दिनों के आरटीपीसीआर जांच की आई रिपोर्ट में दो, ट्रूनॉट से एक और एंटीजन जांच रिपोर्ट में तीन व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमितों में शहर के मोहल्ला तालाबपुरा के बिदुुआ कालोनी निवासी 28 वर्षीय युवती, पुलिस लाइन निवासी 44 वर्षीय महिला, पुरानी बजरिया निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति व ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक जखौरा के ग्राम बांसी निवासी 67 वर्षीय महिला, तहसील महरौनी के कस्बा निवासी 30 वर्षीय युवक और ब्लॉक तालबेहट के ग्राम जमालपुर निवासी 19 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव मिली है।
1231 सैंपलों की रिपोर्ट आना अभी बाकी
कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3276 पहुंच गई है। हालांकि 3158 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। इनमें 46 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 72 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। वहीं, चार दिन से आरटीपीसीआर जांच को झांसी भेजे गए 1231 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
शुक्रवार को एक युवती समेत छह व्यक्ति जांच में संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को सुविधा अनुसार उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
- डॉ. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी