ललितपुर। शहर के साथ- साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण अपने पैर पसार रहा है। शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा में तैनात एक लैब टेक्नीशियन समेत छह लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। मरीजों को उपचार के लिए एल-1 हॉस्पिटल तालबेहट रेफर किया गया है। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 35 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुरुआत में अधिकांश संक्रमित मरीज शहर के विभिन्न मोहल्लों में मिल रहे थे, लेकिन अब तीन दिनों में ग्रामीण क्षेत्र में भी कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ रहा है। शुक्रवार को जिले में छह व्यक्तियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें एक मोहल्ला तालाबपुरा निवासी 25 वर्षीय युवक है। इस व्यक्ति को बीते दिनों लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेकर जांच को भेजा था। शुक्रवार को जिला अस्पताल में स्थित ट्रू-नॉट मशीन से जांच में कोरोना पॉजीटिव पाया गया है, जिसे उपचार के लिए तालबेहट के एल-1 हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है।
इसी तरह ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम जमुनिया निवासी 33 वर्षीय युवक बुखार होने के कारण जिला अस्पताल में उपचार के लिए आया, जहां पर थर्मल स्क्रीनिंग में कोरोना के लक्षण पाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने लक्षणों के आधार पर ट्रू-नॉट मशीन से जांच की, जिसमें कोरोना संक्रमित पाया गया। इसकी पुष्टि के लिए कनफरमेंटली किट से जांच के गई तो इसमें भी पुष्टि हुई है। शहर के मोहल्ला पिसरानी निवासी 35 वर्षीय युवक, मोहल्ला घुसियाना निवासी 29 वर्षीय युवक, मोहल्ला सरायपुरा निवासी 82 वर्षीय वृद्घ महिला पूर्व में पॉजिटिव पाए गए मरीज की मां हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा में कार्यरत एलटी में भी कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार को छह व्यक्तियों में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनको उपचार के लिए तालबेहट रेफर कर दिया गया है।
- डा. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी