तालबेहट। नगर पंचायत के कार्यों की जन सूचना मांगने एवं विकास कार्यों की जांच की मांग करने से बौखलाए नगर पंचायत अध्यक्ष के पति व उनके साथियों ने घर में घुसकर पीड़ित और उसकी वृद्ध मां के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने अध्यक्ष पति सहित छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश भी दी।
मोहल्ला सरफयाना निवासी शशिभूषण संज्ञा पुत्र विनोद कुमार ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया था कि शुक्रवार की रात्रि में नगर पंचायत अध्यक्ष मुक्ता सोनी के पति विजय किशोर सोनी ने अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस कर लाठी- डंडों से मारपीट कर दी। उसे बचाने आई वृद्ध मां द्रोपती के साथ भी उन्होंने मारपीट की। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने विजय किशोर सोनी पुत्र जुगल किशोर सोनी मोहल्ला चौबयाना, विनीत कंचन उर्फ बंटी पुत्र रमेश कंचन मोहल्ला हटवारा, दीपू रजक, अमित नामदेव, अशोक ओझा, विवेक सोनी पुत्रगण अज्ञात समस्त निवासीगण मोहल्ला चौबयाना तालबेहट के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जगह- जगह दबिश दी। वहीं, पीड़ित का मेडिकल परीक्षण के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
बताते चलें कि पीड़ित ने नगर पंचायत के विकास कार्यों के मामले की जन सूचना मांगी थी एवं एक जनहित याचिका उच्च न्यायालय में दाखिल की थी। इसके बाद उसके मोबाइल फोन बार- बार फोन करके परेशान किया जा रहा था। इस संबंध में उसने कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र भी दिया था। इस खबर को अमर उजाला ने 15 नवंबर के अंक में पेज क्रमांक तीन पर जनसूचना मांगने पर मारपीट का आरोप शीर्षक से प्रकाशित किया था।
---------
विवादों से रहा है अध्यक्ष पति का नाता
नगर पंचायत अध्यक्ष के पति का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पूर्व उन पर कई लोगों के मारपीट करने एवं धमकाने के आरोप लग चुके हैं। दो मामले तो कोतवाली तालबेहट में पहले से दर्ज हैं।