ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नदीपुरा में सदर चौकी पुलिस ने दबिश देकर छह जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया और जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर चौकी प्रभारी सुभाषचंद्र की टीम ने बीते बृहस्पतिवार को मोहल्ला नदीपुरा में पुरुषोत्तम के मकान के पास खाली प्लाट में हारजीत की बाजी होने की सूचना पर दबिश दी, तो मौके पर बैठे कुछ लोग गोला बनाकर ताश की गड्डी काट कर दाव लगा रहे थे। घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उनके पास से मालफड़ से 1330 रुपये और तलाशी के दौरान कुल 820 रुपये और ताश के 52 पत्ते बरामद हुए। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम मोहल्ला नदीपुरा निवासी इमरान, मतीन अली, सादाब, नीतेश, अभिषेक एवं प्रिंस खां बताया। सदर चौकी पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई और उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।