संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बफर गोदाम से डीएपी की एक हजार से अधिक बोरियां गायब होने के मामले की जांच अब एसआईटी करेगी। एसपी ने सीओ सदर के नेतृत्व में टीम गठित कर दी है।
सहकारी समितियों पर डीएपी व यूरिया आती है। वितरण के लिए मुख्यालय आने वाली इस खाद को विघाखेत स्थित बफर गोदाम पर पहुंचाया जाता है। यहां से खाद सहकारी समिति व डीलरों के पास भेजी जाती है। अक्तूबर में जिला प्रबंधक आनंद सिंह ने 220 मीट्रिक टन खाद समितियों को भेजते हुए स्टॉक को निल करने के लिए कहा था। लेकिन, भंडार नायक रविभूषण ने 1470 बोरी डीएपी इफको बाजार को भेजना बताया। जबकि, इस फर्म के प्रोपराइटर अनिल जैन ने इन बोरियों की मौजूदगी व डिमांड भेजने से इन्कार किया था।
करीब 19 लाख 84 हजार 500 रुपये का गबन सामने आने के बाद कोतवाली सदर में जिला प्रबंधक आनंद सिंह की तहरीर पर भंडार नायक ने रविभूषण कुशवाहा निवासी जयरामपुर धूमनगंज इलाहाबाद (प्रयागराज) और सहायक भंडार नायक पीसीएफ रमेश चंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लाखों की 1470 बोरियां खाद गायब होने के मामले को एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने गंभीरता से लिया और इसकी गहनता से जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। टीम सीओ सदर अभय नारायण राय के नेतृत्व में जांच पड़ताल कर पूरे मामले की तह तक जाएगी।