तालबेहट। पर्यूषण पर्व के समापन पर सोमवार को नगर के पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर से शोभायात्रा निकली। नगर में जगह-जगह आरती और पुष्प वर्षा से इसका जोरदार स्वागत हुआ।
सुबह जैन धर्मावलंबियों ने मंदिर में आदिनाथ स्वामी, मुनिसुव्रत स्वामी और पारसनाथ स्वामी का अभिषेक, शांतिधारा पूजन तथा हवन किया। दोपहर में श्रीजी की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें झांकियां, बैंड पर नृत्य करते युवा, धर्म ध्वजा लिए श्रावक, विमान में श्रीजी और नारे लगाते महिला मंडल शामिल थे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वासुपूज्य दिगंबर जैन मंदिर से वापस पारसनाथ मंदिर पहुंची। वहां ब्रह्मचारिणी मानी दीदी और पं. संतोष के निर्देशन में चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, ध्वजारोहण, कलशाभिषेक और फूलमाल जैसे कार्यक्रम हुए। शोभायात्रा में अध्यक्ष अरुण मोदी, मंत्री अजय जैन, कमल मोदी, संत प्रसाद मिठया, सनत कुमार, अरुण मौली, चक्रेश जैन, मनोज जैन, महावीर जैन, देवेंद्र बसार और विशाल जैन सहित कई लोग मौजूद रहे।