ललितपुर।
जिला उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में खाद्य संरक्षा कानून के अंतर्गत लिए
जाने वाले नमूने फेल होने की स्थिति में संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई
करने की मांग की, साथ ही जानकारी दी गई कि दो- तीन माह में ललितपुर के
दुकानदारों को 82 पैसे प्रतिदिन के हिसाब से पांच लाख रुपए का बीमा किया
जाएगा।
व्यापार मंडल की बैठक के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष
कैलाश नारायण ड्योड़िया रहे, जबकि अध्यक्षता नगर अध्यक्ष सुरेश बड़ेरा ने
की। बैठक में बीस जुलाई को प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक में लिए गए
निर्णयों के बारे में बताया गया। बताया गया कि व्यापारी पर अभी आग, लूट,
दुर्घटना आदि होने पर नुकसान की क्षतिपूर्ति का कोई प्रावधान नहीं है।
लेकिन, व्यापार मंडल के प्रयास से टाटा एआईजी बीमा कंपनी द्वारा व्यापारी
सुरक्षा योजना के अंतर्गत दुकान जलने, डकैती, छिनैती एवं व्यापारी दुर्घटना
बीमा के अंतर्गत उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा कैंप लगाकर
प्रदेश के दस लाख व्यापारियों का बीमा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में
कंपनी अगले दो से तीन माह में कैंप लगाकर 82 पैसे प्रतिदिन के हिसाब से
पांच लाख रुपए का बीमा करेगी। व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर शस्त्र
लाइसेंस पर लगा प्रतिबंध जल्द हटाया जाएगा।
बताया गया कि सरकार ने
सिंघाड़ा और सुपाड़ी को मंडी शुल्क से मुक्त कर दिया है। जीरा तथा सौंफ पर
मंडी शुल्क दो प्रतिशत से घटाकर एक प्रतिशत कर दिया गया है, साथ ही पचास
लाख रुपए तक के टर्न ओवर को सेल्फ असिसमेंट के दायरे में ले लिया गया है।
इसका लाभ प्रदेश भर के सात लाख व्यापारियों को मिलेगा। बैठक में सर्वसम्मति
से निर्णय लिया गया कि व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। जल्द ही
संगठन में फेरबदल कर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
इस मौके पर प्रदीप
त्रिपाठी, जिनेंद्र जैन, श्रीराम कालरा, विनोद अग्रवाल, अजित खजुरिया,
सुधांशु शेखर हुंडैत, शिखर चंद्र, प्रदीप सतरवांस, उदय सराफ, महेंद्र
टड़ैया, विशाल सरार्फ, संजय रिंकू, मगन लाल सोनी, नीरज मोदी, प्रमोद
सक्सेना, राजू सिंधी, संभव सिंघई, नवीन बुढ़वार, मुहम्मद दाऊद, मोहम्मद
इकराम, मनोज बबीना, बाहुबलि कठरया, गेंदालाल सतभैया, अभय चौबे, ललित लल्लू,
जिनेंद्र चढ़रऊ, जिनेंद्र गुढ़ा, कैलाश सिलगन आदि उपस्थित रहे।