ललितपुर। डीएम डा. रुपेश कुमार ने गोद लिए गए विकासखंड मड़ावरा के ग्राम गौना का मंगलवार को निरीक्षण कर पोषण मिशन के कार्यों और बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार की जानकारी ली। इस दौरान 634 बच्चों में से 54 बच्चे गंभीर अल्पवजन के पाए गए।
ग्राम गौना में भ्रमण के दौरान डीएम ने बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पर शून्य से पांच वर्ष के कई बच्चों का वजन कराकर पोषण स्थिति का परीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की माताओं को समझाया कि वे अपने बच्चे के स्वास्थ्य पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें। गंभीर कुपोषित बच्चों की माताओं को पोषण पुनर्वास केंद्र ले जाने के लिए माताओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व एएनएम को निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी पर ग्राम सभा में 72 गर्भवती महिलाओं में से 66 महिलाओं की हीमोग्लोबिन व अन्य जांच कराई गई। इनमें से 26 महिलाएं एनीमिक पाई गईं, जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा लाल रंग की आयरन फोलिक एसिड दवा वितरण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गांव में सभी किशोरियों की एनीमिया की जांच कराने और उन्हें नीले रंग की आयरन फोलिक एसिड गोलियां दिए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने एमओआईसी, बाल विकास परियोजना अधिकारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी लोग मिलकर पोषण मिशन से संबंधित अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करें। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सत्येंद्र कुमार, डीएफओ. बीके जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी मड़ावरा गजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान गौना और पोषण मिशन प्रभारी बीएल गुप्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी और क्षेत्रीय मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं।