ललितपुर। तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम सौजना में लाखों रुपये की लागत से बनी एकल ग्राम पेयजल योजना सात माह तक ही चल सकी है। बिजली के अभाव में अब ग्रामीणों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं।
तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम सौजना स्थित मुहल्ला हनुमान गढ़ी में पानी पहुंचाने के लिए कार्यदायी संस्था जल निगम ने कार्ययोजना बनाई थी। इसमें जल निगम की यांत्रिकी शाखा ने तीन नलकूप, दो पंप हाउस, तीन पंपिंग प्लांट, बिजली के लिए ट्रांसमिशन लाइन, 7,410 मीटर पाइप लाइन, 11 स्टैंड पोस्ट, एक सीडब्ल्यूआर, बाउंड्रीवाल के साथ पंप चलाने और स्टाफ ठहरने के लिए क्वार्टर बनाया गया।
छह फरवरी को पेयजल योजना ग्राम पंचायत का हस्तांतरित कर दी गई। ग्रामीणों की मानें तो कुछ समय तक योजना ठीक तरह से चलती रही। इसके बाद पेयजल की समस्या खड़ी हो गई। इसकी जानकारी जिम्मेदारों के साथ अफसरों को दी गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
वर्तमान में कई दिनों से विद्युत सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर खराब है। इससे पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। लोग मजबूरी में एक किमी दूर से पानी लाने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने डीएम से पेयजल व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर जयराम गोडसे, हरपाल अहिरवार, जानकी प्रसाद, किशनलाल, कंछेदी लाल, झल्लू राजा, रामसिंह, अनुरद्ध, सरमनलाल, घूमन सिंह, नंदराम, मोहन लाल, मनप्यारे, पर्वतलाल, भगवत, प्रमोद, आशाराम, राजेंद्र, रामलाल, काशीराम, तुलसीराम, तेज सिंह, गगन बिहारी के हस्ताक्षर अंकित हैं।